Home उत्तर प्रदेश किन्नर पर जानलेवा हमला, ड्राइवर गंभीर घायल, आईफोन तोड़कर साक्ष्य मिटाने का...

किन्नर पर जानलेवा हमला, ड्राइवर गंभीर घायल, आईफोन तोड़कर साक्ष्य मिटाने का आरोप

PRATAPGARH NEWS: जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र में एक किन्नर पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता अंजली किन्नर ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीती 28 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे जब वह एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। तहरीर के अनुसार, चकगुतोली गांव के पास पहुंचते ही गांव निवासी सुधीर कुमार, सुशील वर्मा, शिवबरन वर्मा व अन्य साथियों ने स्कूटी रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड, धारदार हथियार और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे पीड़िता को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हमले के दौरान पीड़िता के ड्राइवर शिव कुमार वर्मा (पुत्र राम किशोर वर्मा) ने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि एक आरोपी ने ड्राइवर के मुंह में रॉड डालकर जान से मारने की कोशिश भी की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पास मौजूद आईफोन, जिसमें आरोपियों के खिलाफ अहम साक्ष्य थे, उसे भी तोड़ दिया गया। फोन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी कोहंडौर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल ड्राइवर का इलाज जारी है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।