Home उत्तर प्रदेश कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को ढेबरुआ पुलिस ने सिखाया सुरक्षा का पाठ

कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को ढेबरुआ पुलिस ने सिखाया सुरक्षा का पाठ

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत शुक्रवार को थाना कोतवाली ढेबरुआ पुलिस ने क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भरौली में जागरूकता चौपाल लगाई। पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला अपराधों से बचाव के तौर-तरीके सिखाए और उन्हें ‘गुड टच व बैड टच’ के बारे में विस्तार से समझाया। इसके साथ ही सोशल मीडिया और इंटरनेट के दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए भी सजग किया गया। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में स्कूल पहुंची थाना कोतवाली ढेबरुआ की मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी थानों और कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल बनाई गई है, जहाँ वे बिना किसी हिचक के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं और छात्राओं से उनकी समस्याओं के बारे में भी सीधे संवाद किया गया। छात्राओं को आपातकालीन मदद के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइनों की जानकारी दी गई, जिसमें वुमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), साइबर हेल्पलाइन (1930), चाइल्ड केयर लाइन (1098) और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) शामिल हैं। साथ ही देश में लागू हुए नए कानूनों के बारे में भी सामान्य जानकारी साझा की गई। इस अभियान को धरातल पर सफल बनाने में सब-इंस्पेक्टर सोमनाथ शर्मा, हेड कांस्टेबल दहारी यादव और महिला कांस्टेबल दीपिका मुस्तैद रहीं।