MIRZAPUR NEWS: वाराणसी में मनीष सिंह हत्याकांड के विरोध में वाराणसी बंद के कार्यक्रम में शामिल होने और मनीष सिंह के परिजनों से मुलाकात करने जा रहे श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल को स्थानीय पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।
प्रतिनिधिमंडल बुधवार सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होने वाला था। करणी सेना के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार चंदईपुर स्थित अपने निवास पर देहात कोतवाली पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए गए। उनके साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे, मिर्जापुर सेवा समिति के राजमणि दुबे और करणी सेना की टीम भी मौजूद थी। दिलीप सिंह गहरवार ने बताया कि प्रशासन अपनी अकर्मण्यता का स्वयं ढोल पीट रहा है। उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। गुंडाराज और माफिया राज हो चुका है। पुलिस अपनी कमजोरी छुपाने के लिए हम जनप्रतिनिधियों को, जो मात्र पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, हाउस अरेस्ट कर लिया। इस प्रकार वह केवल कमजोर एवं सभ्य लोगों पर अपनी ताकत आजमा रही है, जबकि गुंडे, मवाली और हत्यारे खुलेआम प्रदेश में घूम रहे हैं। जीरो टॉलरेंस क्राइम की बात कही जा रही है, परंतु इस समय उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर है।







