Home उत्तर प्रदेश एसडीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को किया सम्मानित

एसडीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को किया सम्मानित

गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण और डिजिटाइजेशन में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ तहसील सभागार में मंगलवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2025 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया। अपने-अपने बूथों पर सभी मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें पूर्ण रूप से डिजिटाइज करने में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बीएलओ मुमताज अहमद (रोजगार सेवक) एवं जयप्रकाश यादव (रोजगार सेवक) को एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र और शाल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में तहसीलदार प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार महबूब अंसारी, आशीष संगम, तहसील अध्यक्ष लेखपाल संघ सहित अन्य राजस्व कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2025 में पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बीएलओ मुमताज अहमद और जय प्रकाश ने अपने बूथों के प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित एवं प्राप्त करने का कार्य समय से पूरा किया, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से सम्पन्न हो सकी। एसडीएम विवेकानन्द मिश्रा ने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा गणना प्रपत्रों को समय पर प्राप्त कर डिजिटाइज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सक्रियता व जिम्मेदारी से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ती है और जनता का विश्वास मजबूत होता है। सम्मान समारोह में वीआरसी सीपी सिंह, प्रधान प्रतिनिधि महबूब आलम, अरविन्द चौबे, विनोद कुमार, असलम सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।