KAUSHAMBI NEWS: मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित उदयन सभागार में आयोजित भव्य शिक्षामित्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनपद के लगभग 250 शिक्षामित्रों को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों और नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षामित्रों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र, डायरी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में कार्यरत शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार केसरवानी को शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय नवाचारों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बीरेंद्र कुमार द्वारा कक्षा शिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए कई अभिनव पहलें की गई हैं। उन्होंने बच्चों के सीखने के स्तर को सुधारने हेतु गतिविधि आधारित शिक्षण (Activity Based Learning) को अपनाया, जिसमें खेल-खेल में पढ़ाई, चार्ट, मॉडल और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर कठिन विषयों को सरल बनाया गया। इसके साथ ही उन्होंने कमजोर छात्रों के लिए विशेष रिमेडियल क्लास संचालित कीं, जिससे बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में सुधार हुआ।
उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से निरंतर संवाद स्थापित किया। विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और पुस्तकालय उपयोग को बढ़ावा देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अमित पाल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, वर्तमान विधायक पूजा पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष रत्नाकर सिंह एवं महिला उपाध्यक्ष तलत सहित 250 शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को भी शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी ओम प्रकाश द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। समारोह में जनपद भर से आए शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सम्मानित साथियों को बधाई दी। इस अवसर पर शिक्षा परिषद एवं बेसिक शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश उदयन सभागार में गूंजा शिक्षामित्र सम्मान समारोह, नवाचारों के लिए शिक्षामित्र हुए...





