Home उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज एवं यूपीपीएससी अभ्यर्थियों से डीएम का संवाद, सफलता के दिए...

सिविल सर्विसेज एवं यूपीपीएससी अभ्यर्थियों से डीएम का संवाद, सफलता के दिए प्रेरक मंत्र

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जनपद में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के अंतर्गत डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) में सिविल सर्विसेज एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने अभ्यर्थियों की तैयारी, अध्ययन पद्धति एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें पूरे मनोयोग, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सीमित संसाधनों को कभी अपनी कमी न समझें, बल्कि उन्हें अपने संघर्ष और सफलता का सबसे बड़ा अवसर बनाएं। । उन्होंने विद्यार्थियों से हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच बनाए रखने और धैर्य के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं को प्रतिदिन बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, उत्तर लेखन अभ्यास, समसामयिक घटनाओं के अध्ययन एवं समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को यह भी सुझाव दिया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी रोबोटिक तरीके से नहीं, बल्कि एक संतुलित एवं सामान्य जीवन शैली के साथ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखते हुए निरंतर मेहनत करने वाले अभ्यर्थी लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने तैयारी के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक दबाव एवं भटकाव जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अभ्यर्थियों को तनाव से बचते हुए सकारात्मक वातावरण, आत्मविश्वास और अनुशासित दिनचर्या बनाए रखनी चाहिए। जिलाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डायट बलरामपुर में एक आधुनिक स्टडी रूम विकसित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को शांत एवं सुविधायुक्त अध्ययन का वातावरण प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र-छात्राओं को कलेक्ट्रेट का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शासन-प्रशासन की व्यवस्था एवं निर्णय प्रक्रिया को निकट से समझ सकें। इससे सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को व्यवहारिक एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन योजना को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान अभ्युदय योजना से जुड़े शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।