महिला व पुरुष दोनों वर्गों में रजत पदक
PRAYAGRAJ NEWS: बागपत में आयोजित उत्तर प्रदेश सीनियर महिला एवं पुरुष खो-खो चैंपियनशिप में प्रयागराज की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में उपविजेता का गौरव हासिल किया। महिला और पुरुष दोनों टीमों ने रजत पदक जीतकर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया। 12 से 14 जून तक आयोजित महिला वर्ग की प्रतियोगिता में कप्तान कुमारी ममता पटेल के नेतृत्व में प्रयागराज की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में वाराणसी और प्रयागराज के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें वाराणसी ने दो अंकों के मामूली अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। प्रयागराज की टीम ने उपविजेता रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग में नीतू यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट रनर तथा शिवानी पटेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। टीम के कोच विनोद कुमार पटेल एवं श्रीमती कामिनी यादव रहे। वहीं 16 से 18 जून तक आयोजित पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में कप्तान राहुल गौतम की अगुवाई में प्रयागराज की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में गोरखपुर ने मात्र एक अंक के अंतर से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रयागराज को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुष वर्ग में कप्तान राहुल गौतम को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बेस्ट रनर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। टीम के कोच सुनील कुमार एवं अजय कुमार रहे, जबकि विनोद कुमार पटेल ने जनरल मैनेजर की भूमिका निभाई। प्रयागराज की इस दोहरी सफलता पर जिला खो-खो एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। जिला खो-खो एसोसिएशन, प्रयागराज के सचिव डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में उपविजेता बनना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से जिले के युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।







