Home उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह आईपीएस में चयनित

उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह आईपीएस में चयनित

LUCKNOW NEWS: उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (पीपीएस) के वर्ष 2000 बैच के वरिष्ठ अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह का भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयन हो गया है। भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई को जारी अधिसूचना के माध्यम से उन्हें आईपीएस में पदोन्नत किया गया है। उनके चयन पर पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद के ग्राम लामा बनकठा, मोतिगरपुर निवासी पूर्णेन्दु सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला गोपालपुर बड़ा गांव, केंद्रीय विद्यालय अमहट तथा एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से उच्च शिक्षा हासिल की। समाजशास्त्र विषय में गोल्ड मेडल प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2000 की उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में 11वां स्थान प्राप्त कर उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
अपने लगभग ढाई दशक के सेवाकाल में उन्होंने प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, गोंडा, फिरोजाबाद, मऊ और मिर्जापुर सहित कई जनपदों में पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। प्रयागराज के कुंभ एवं माघ मेले में यातायात और भीड़ प्रबंधन की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी भी उन्होंने सफलतापूर्वक संभाली। इसके अलावा लखनऊ में पुलिस अधीक्षक (यातायात) के रूप में भी उनका लंबा और प्रभावी कार्यकाल रहा।
उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता के लिए उन्हें भारत के प्रधानमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कुंभ सेवा मेडल तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा रजत, स्वर्ण और प्लेटिनम कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है। गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा उन्हें श्रेष्ठ विवेचक दक्षता पदक भी प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं ट्रांसपोर्ट यूनियनों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया है। प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ खेलकूद में भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियां रही हैं। वे प्रयागराज एवं आगरा पुलिस जोन फुटबॉल टीम के कप्तान रह चुके हैं तथा तैराकी में जोन स्तरीय चैंपियन भी रहे हैं। वर्ष 2005 की वार्षिक पुलिस परेड में पीएसी बल के ध्वजवाहक तथा लगातार पांच वर्षों तक गणतंत्र दिवस परेड के परेड कमांडर रहने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है। पूर्णेन्दु सिंह ने जनपदीय पुलिस के साथ विजिलेंस, पावर कॉर्पोरेशन और इंटेलिजेंस जैसी विशिष्ट इकाइयों में भी कार्य किया है। उन्होंने सीबीआई अकादमी एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से वीआईपी सुरक्षा, प्रतिष्ठान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। भारत सरकार द्वारा आईपीएस में चयनित किए जाने के बाद पूर्णेन्दु सिंह की यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। उनके चयन पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।