Home उत्तर प्रदेश अघोषित बिजली कटौती पर वैश्य एकता परिषद का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा...

अघोषित बिजली कटौती पर वैश्य एकता परिषद का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

उत्तरी व दक्षिणी जोन में स्वचालित ट्रांसफार्मर लगाने की मांग

FATEHPUR NEWS: अघोषित विद्युत कटौती से परेशान व्यापारियों ने आवाज बुलंद करते हुए अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के बैनर तले जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डीएम निधि गुप्ता वत्स से मुलाकात कर पांच सूत्रीय मांगें रखीं। जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि नगर समेत पूरे जनपद में हो रही अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। खासकर छोटे और मझोले उद्योग-धंधे बंदी के कगार पर पहुंच गए हैं, जिससे व्यापारी वर्ग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। परिषद के राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार गुप्ता ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए और निर्धारित समय में बिल संशोधन की सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार विभाग के चक्कर न लगाने पड़ें। युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण ‘सिम्पल’ ने ट्रांसफार्मर जलने की स्थिति में त्वरित राहत देने के लिए उत्तरी व दक्षिणी जोन में दो-दो स्वचालित ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रह सकेगी। साथ ही परिषद ने यह भी मांग की कि विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन कॉल (सीयूजी नंबर) तत्काल रिसीव करें और लापरवाही पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर विनोद कुमार गुप्ता, शैलेंद्र शरण सिम्पल, नारायण गुप्ता, रंजन रज्जन गुप्ता, विनय फौजी, मनीष कुमार गुप्ता, राधेश्याम हयारण, वेद प्रकाश गुप्ता, राजीव पोरवाल, सतेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, अनीत अगहरी, गौरव गुप्ता, आशीष अगहरी, मनोज सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।