अब यहां होने वाले भंडारे पर स्च्ळ गैस संकट नहीं मंडराएगा
VARANASI NEWS: गेल (इंडिया) लिमिटेड ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए रविंद्रपुरी स्थित अघोर पीठ बाबा कीनाराम स्थल (बाबा कीनाराम स्थल) में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) आपूर्ति की सफल शुरुआत की है। यह पहल स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा उपयोग की दिशा में एक सशक्त कदम है और वाराणसी सीजीडी (सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन) परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई है। काशी जैसे आध्यात्मिक नगर में इस प्रकार की आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा सुविधा प्रदान करना, गेल की हरित विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पीएनजी आपूर्ति का उद्घाटन सुशील कुमार, महाप्रबंधकदृवाराणसी एवं प्रमुख वाराणसी सीजीडी द्वारा किया गया। इस अवसर पर गेल के वरिष्ठ अधिकारियों में नवाजिश अली अंसारी (उप महाप्रबंधक परियोजनाएँ), जो वाराणसी में पाइपलाइन परियोजनाओं का नेतृत्व करते हैं, तथा प्रवीण गौतम (सीएम मार्केटिंग), जो वाराणसी में विपणन गतिविधियों का संचालन करते हैं, विशेष रूप से उपस्थित रहे। गेल इंडिया के श्री गौतम ने बताया कि, अघोर परंपरा के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक बाबा कीनाराम स्थल आध्यात्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं प्रसाद ग्रहण करने आते हैं। इस स्थल से जुड़ी रसोई व्यवस्था में पहले प्रतिमाह लगभग 60 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी, जो पर्व-त्योहारों के समय और अधिक बढ़ जाती थी। अब पीएनजी आपूर्ति शुरू होने से यह रसोई एलपीजी पर निर्भरता से मुक्त हो गई है, जिससे उपयोग किए जा रहे सिलेंडरों को अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे अधिक उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और एलपीजी आपूर्ति तंत्र पर दबाव भी कम होगा।
बाबा कीनाराम कुटीर को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ना गेल वाराणसी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस परियोजना ने न केवल धार्मिक संस्थानों तक स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में एक नया उदाहरण स्थापित किया है, बल्कि शहरी गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार को भी गति दी है। संकरी गलियों, सीमित कार्यस्थल और स्थानीय परिस्थितियों की जटिलताओं के बावजूद गेल की तकनीकी टीम ने सुनियोजित रणनीति, सतत प्रयास और उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया।
गेल वाराणसी वर्तमान में लगातार और समर्पित रूप से कार्य कर रहा है ताकि शहर के प्रत्येक संस्थान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और आवासीय उपभोक्ताओं तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाया जा सके। कंपनी का उद्देश्य एलपीजी पर निर्भरता को कम कर ऊर्जा संकट की स्थिति से बचाव करना और एक स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है। अधिकारियों ने बताया कि, पीएनजी उपयोग से न केवल संचालन दक्षता और सुरक्षा में सुधार होता है, बल्कि यह लागत की दृष्टि से भी प्रभावी है। इस पहल से वाराणसी में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। गेल (इंडिया) लिमिटेड इस प्रकार की पहलों के माध्यम से ग्रीन और सतत वाराणसी के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।







