Home उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वाधान में महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में केंद्र प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश विस्तार से दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को पूरी शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन का गहन अध्ययन करते हुए अपने दायित्वों का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, रूट प्लान पहले से तय करने और परीक्षा से पहले निर्धारित तिथि पर रिहर्सल कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास परीक्षा के दिन फोटोकॉपी की दुकानों को बंद रखने के लिए भी कहा। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने रोडवेज, रेलवे स्टेशन और टैक्सी स्टैंड पर हेल्पडेस्क स्थापित करने तथा बारकोड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने होटल और परिवहन संचालकों से समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाए तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों द्वारा ही की जाए। साथ ही परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिचय पत्र अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि जनपद में 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को कुल 7 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो क्लॉक रूम बनाए जाएंगे, जिसमें एक अभ्यर्थियों के सामान और दूसरा परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों के सामान के लिए होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, उपजिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव, खागा, बिंदकी के उपजिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।