Home उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर पैमाइश करने गई चकबंदी टीम पर हमला, दस्तावेज...

हाईकोर्ट के आदेश पर पैमाइश करने गई चकबंदी टीम पर हमला, दस्तावेज फाड़े, कई घायल

SIDHARTHNAGAR NEWS: (मोहम्मद शाबान)  तहसील क्षेत्र के ग्राम राजपुर में शनिवार को हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन करने पहुंची चकबंदी टीम पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने टीम के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और सरकारी दस्तावेजों को भी फाड़ डाला। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई ।जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे चकबंदी कर्ता नंद किशोर अपनी टीम के साथ सेक्टर-20 में सीमांकन और कब्जा परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के रबिंदर शुक्ला, सुरेंद्र शुक्ला, वीरेंद्र शुक्ला, अमित शुक्ला समेत 20-25 अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए और टीम को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने जमीन की पैमाइश के लिए गाड़े गए लकड़ी के खूंटों को उखाड़कर कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिसमें नंद किशोर के सिर व कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि टीम के सदस्य श्रीखिंद कुमार, जो अनुसूचित जाति से हैं, के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सेक्टर रजिस्टर व सेक्टर मैप भी छीनकर फाड़ दिए। मौके पर मौजूद चकबंदी अधिकारी रियाज अहमद, सहायक चकबंदी अधिकारी एहतेशाम अहमद और पुलिस बल ने किसी तरह कर्मचारियों को बचाया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिका संख्या 1934/2025 और अवमानना वाद संख्या 7610/2025 के आदेशों के अनुपालन में की जा रही थी। पीड़ित कर्मचारी नंद किशोर की तहरीर पर थाना इटवा में नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और आरोपियों की तलाश जारी है।