SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत बढ़नी कस्बे में विद्युत विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। नेपाल जाने वाली सड़क पर एक ट्रांसफार्मर के पास करंट की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में उपचार कराया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार संजीत (35) पुत्र गया प्रसाद, निवासी दुलाराज पुरवा थाना जहांगीराबाद जनपद बाराबंकी, गांव के लोगों के साथ लुंबिनी (नेपाल) मेला देखने गया था। वापसी के दौरान वह कस्टम रोड तिराहे से गुजर रहा था, तभी ट्रांसफार्मर के पास अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसका सीना बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया, जहां डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। इस घटना ने बढ़नी कस्बे में व्याप्त विद्युत अव्यवस्था की पोल खोल दी है। कस्बे में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। न तो बैरिकेडिंग है और न ही चेतावनी के बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे आम लोगों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है। इतना ही नहीं, कई जगहों पर जर्जर और लटकते हुए तारों के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है। कुछ स्थानों पर तारों को बीच में जोड़कर अस्थायी रूप से सप्लाई दी जा रही है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि कस्बे के सभी ट्रांसफार्मरों के पास तत्काल सुरक्षा बैरिकेडिंग कराई जाए और जर्जर तारों को बदलकर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना के बाद भी यदि विभाग नहीं चेता, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।







