अवैध हथियार व चोरी की बाइक बरामद
FATEHPUR NEWS: जनपद के थाना हथगांव क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त औजार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, थाना हथगांव क्षेत्र के ग्राम हथगांव-अम्बापुर रोड पर आदर्श पब्लिक स्कूल से लगभग 200 मीटर आगे आम और महुआ के बाग के पास संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मु0अ0सं0 139/2026, धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम के अभियोग में प्रकाश में आए दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र स्वर्गीय नफीस निवासी रज्जीपुर छिवलाहा थाना हथगांव, उम्र लगभग 28 वर्ष तथा आफताब आलम पुत्र स्वर्गीय अमीर अहमद निवासी पीरनपुर थाना कोतवाली नगर, जनपद फतेहपुर, उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई है। मुठभेड़ में शमीम के बाएं पैर तथा आफताब आलम के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक-एक जिंदा कारतूस .315 बोर, तीन खोखा कारतूस .315 बोर, तीन लोहे के चापड़, एक लकड़ी का ठीहा, एक नीली प्लास्टिक की पन्नी तथा बिना नंबर प्लेट की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई। थाना हथगांव पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना हथगांव क्षेत्र में पूर्व में हुई गौकशी की घटना के संबंध में कार्रवाई के दौरान आरोपी आफताब और शमीम से पुलिस की मुठभेड़ हुई। दोनों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के विरुद्ध पहले से भी गौकशी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







