FATEHPUR NEWS: समाजवादी छात्रसभा द्वारा मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को बचाने के समर्थन में चलाया जा रहा सप्ताहव्यापी हस्ताक्षर अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत जनपद के सुल्तानपुर घोष स्थित रामपाल मौर्य पीजी कॉलेज, घोष के मुख्य द्वार पर छात्र-छात्राओं और युवाओं से हस्ताक्षर कराए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लेते हुए विश्वविद्यालय को बचाने की मांग का समर्थन किया। समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष परवेज़ आलम ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और शिक्षा के अधिकार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक दुर्भावना से ऊपर उठकर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करनी चाहिए तथा विश्वविद्यालय के अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी छात्रसभा शिक्षा और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। यदि सरकार ने विद्यार्थियों की भावनाओं की अनदेखी की तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेगा। अभियान में समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष सुशील यादव, प्रदेश सचिव अलबक्स सौदागर, विद्यालय प्रबंधक विकल्प मौर्य, मोहम्मद शहजाद, जिला सचिव मोनू चौधरी तथा हुसैनगंज विधानसभा अध्यक्ष छोटू यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर अभियान को अपना समर्थन दिया। समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों ने बताया कि सप्ताहव्यापी यह अभियान पूरे प्रदेश में जारी रहेगा और शिक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर जनसमर्थन लगातार जुटाया जाएगा।







