Home बिहार स्वतंत्रता दिवस पर सत्यइंदिरा फाउंडेशन ने आचार्या काजल कुमारी को लाइफ अचीवमेंट...

स्वतंत्रता दिवस पर सत्यइंदिरा फाउंडेशन ने आचार्या काजल कुमारी को लाइफ अचीवमेंट सम्मान से किया सम्मानित

20 वर्ष की उम्र में नौ पुस्तकों की हैं लेखिका
PATNA NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सत्यइंदिरा फाउंडेशन की संस्थापिका स्मृति शाश्वत की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को लाइफ अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बिहार की राजधानी पटना की रहने वाली आचार्या काजल कुमारी को ज्योतिष के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जानकारी के मुताबिक़,आचार्या काजल कुमारी सम्मान पाने वाली प्रतिभाओं में सबसे कम उम्र की हैं। उन्हें हाल ही में ‘आधुनिक युग की गार्गी’ की उपाधि भी प्रदान की गई है। काजल कुमारी ने कम उम्र में ही ज्योतिष के क्षेत्र में गहन अध्ययन कर अपनी अलग पहचान बनाई है। आचार्या काजल कुमारी हस्तरेखा एवं कुंडली विशेषज्ञ हैं। वह हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, भोजपुरी और अवधी सहित पांच भाषाओं में कुंडली निर्माण का कार्य करती हैं। वह जरूरतमंद और असहाय लोगों की निःस्वार्थ भाव से सहायता करने के लिए भी जानी जाती हैं।  कुंडली परामर्श के लिए वह कोई शुल्क नहीं लेती हैं। इसके अलावा काजल कुमारी लेखिका भी हैं, उन्होंने महज 20 वर्ष की उम्र में नौ पुस्तकों की रचना की है।सम्मान मिलने पर आचार्या काजल कुमारी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा कि त्रिदेवियों की कृपा और मां सरस्वती के आशीर्वाद से उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और ईश्वर की कृपा से वह आगे भी लोगों की सेवा और अपने ज्ञान को समाज के हित में उपयोग करने का प्रयास करती रहेंगी। सम्मान समारोह में मौजूद लोगों ने आचार्या काजल कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।