KUSHINAGAR NEWS: जनपद के सेवरही थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपराघाट एहतमाली के देवनरायन टोले में एक ही घर की दो सगी बहनों की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी पिता और दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार 8 जून सोमवार को पिपराघाट एहतमाली के देवनरायन टोला में रामप्रसाद निषाद के घर की कोठरी से शीला, 18 वर्ष, और लाली, 20 वर्ष, का शव बरामद हुआ। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों लड़कियों का गांव के ही दो युवकों से संबंध था। पिता रामप्रसाद पुत्र पुनदेव साहनी ने इसको लेकर तीन बार अलग-अलग समय पर युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था और पुलिस ने दोनों लड़कियों को बरामद भी किया था। इसके बावजूद दोनों युवकों से संपर्क बनाए रखने पर घर में बार-बार झगड़ा होता था। लगभग 15 दिन पहले रामप्रसाद ने युवकों द्वारा दिए गए दोनों लड़कियों के फोन भी छीन लिए थे। इसी घरेलू कलह और गुस्से में परिवार के सदस्यों ने डंडे से पीटकर दोनों बहनों की हत्या कर दी। सेवरही थाने में तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सूरज पुत्र रामप्रसाद और नितीश पुत्र रामप्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं और मामले में वैज्ञानिक जांच भी कराई जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।







