विधायक के भगीरथ प्रयास से डीही रजबहा में 45 वर्ष बाद पहुंचा पानी:राजेश सिंह
PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश के कोरांव विधानसभा क्षेत्र में डीही रजबहा नहर में 45 साल बाद पानी पहुंचने से खीरी इलाके के किसानों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और स्थानीय विधायक राजमणि कोल के भगीरथ प्रयासों से यह संभव हो पाया है। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले डीही रजबहा की रीमॉडलिंग का शिलान्यास तत्कालीन सिंचाई मंत्री ने किया था। मुख्य अभियंता सोन एसके सिंह के नेतृत्व में इस परियोजना का गठन हुआ। अधीक्षण अभियंता आरके सिंह, अधिशासी अभियंता एसपी चैधरी, सहायक अभियंता सुरेश सिंह और अवर अभियंता कैसुद्दीन के कुशल निर्देशन में यह कार्य तीन वर्ष की अवधि में पूरा किया गया। नहर के सौंदर्यीकरण के बाद हाल ही में इसमें पहली बार पानी पहुंचा। इस पानी से कुलभषा, सलैया, सलैया कला, सिंहपुर, दिघलो सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। अनुमान है कि इस माइनर से लगभग 2000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी। क्षेत्रीय किसानों ने नहर में पानी देखकर और खेतों में लहलहाती फसलें देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक राजमणि कोल और सिंचाई विभाग के सभी अधिकारियों व इंजीनियरों का आभार व्यक्त किया है। सलैया कला गांव के 60 वर्षीय किसान सूरजभान सिंह ने बताया कि 45 साल पहले बनी इस नहर में कभी पानी नहीं आया था। उन्होंने विधायक से मांग की थी, जिसके बाद विधायक ने पहल कर नहर की रीमॉडलिंग कराई और पानी पहुंचवाया। 65 वर्षीय किसान राधेश्याम ने भी अपनी जानकारी में पहली बार नहर में पानी पहुंचने की बात कही और इसे क्षेत्र के लिए खुशहाली का प्रतीक बताया।







