शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा में अधिकारियों को चेतावनी,
स्कूल चलो अभियान और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति पर दिया जोर
PRAYAGRAJ NEWS: मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के गंगा सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की एमडीएम जिला टास्क फोर्स, जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति एवं निपुण टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, नामांकन, मध्यान्ह भोजन, निपुण भारत मिशन तथा ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा धनराशि जमा किए जाने के बावजूद 26 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों को अब तक शिफ्ट नहीं किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
इसी प्रकार 107 विद्यालयों में विद्युत संयोजन का कार्य लंबित होने पर भी मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को शीघ्र विद्युतीकरण पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूल चलो अभियान के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, कक्षा 5 से 6 तथा कक्षा 8 से 9 में विद्यार्थियों का अनिवार्य प्रवेश कराने और सभी विवरण पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय करछना सहित निर्माणाधीन विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसीडको को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन कायाकल्प के सभी 19 मानकों को पूर्ण करने, विद्यालयों में फर्नीचर, रसोईघर, दिव्यांग शौचालय, बाउंड्रीवाल, विद्युतीकरण तथा छायादार पौधों के रोपण का कार्य शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों में नए नामांकन बढ़ाने, मध्यान्ह भोजन को निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने तथा निपुण भारत मिशन के तहत निपुण प्लस ऐप पर फीडिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के डिप्थीरिया नियंत्रण एवं एनडीडी कार्यक्रम में विद्यालयों के सहयोग को भी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में परियोजना निदेशक भूपेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक राजीव त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







