एसडीएम तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने सुनी शिकायतें
PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को तहसील परिसर कोरांव के सभागार में सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी ठाकुर प्रसाद की अध्यक्षता में किया गया। जहां कुल 364 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। प्राप्त शिकायतों में राजस्व से जुड़ी 6 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि शेष सभी अन्य शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी कोरांव ठाकुर प्रसाद व तहसीलदार रोशनी सोलंकी, नायब तहसीलदार रणविजय सिंह, नायब तहसीलदार राम मूरत सहायक विकास अधिकारी पंचायत विवेक मिश्रा समेत कई अन्य अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की शिकायतें सुनी और शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए निर्देश भी दिए गए। संपूर्ण समाधान दिवस कोरांव में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग की 205, पुलिस विभाग की 65, विकास विभाग की 45, शिक्षा विभाग की तीन, स्वास्थ्य विभाग की तीन, समाज कल्याण विभाग की 6 तथा कुल 37 शिकायतें अन्य विभागों की प्राप्त हुई। संपूर्ण समाधान दिवस में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली, कृषि एवं विकास विभाग से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संपूर्ण समाधान दिवस के अंत में समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारी कोरांव ठाकुर प्रसाद ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जिन विभागों में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाएगी उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।







