सेंट थॉमस स्कूल, कानपुर में दो दिवसीय प्रतियोगिता का आगाज, खेल भावना और अनुशासन पर दिया गया विशेष जोर
KANPUR NEWS: सेंट थॉमस स्कूल, कानपुर में मंगलवार को सीआईएससीई रीजनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश रीजन के छह जोनोंकृकानपुर दक्षिण, कानपुर उत्तर, गाजियाबाद, आगरा, इलाहाबाद (प्रयागराज) और लखनऊ उत्तरकृसे कुल 79 छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि फादर आर्चिबाल्ड होसिलिया (प्रधानाचार्य, सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल, कानपुर) रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थॉमस कुमार के नेतृत्व में विद्यालय परिवार ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्य रेफरी सुनील सिंह और प्रधानाचार्य ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर विभिन्न जोनों से आए खिलाड़ियों एवं टीमों का अभिनंदन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने खेल भावना, सौहार्द और पारस्परिक सम्मान का संदेश दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि फादर आर्चिबाल्ड होसिलिया ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं होतीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, मित्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। मुख्य रेफरी सुनील सिंह की देखरेख में प्रतियोगिता का संचालन किया जा रहा है। आयोजन की सभी व्यवस्थाओं में विद्यालय की पीटीआई टीम और अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई उद्घाटन समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन चंदन एंटविन कुमार एवं मिस कीर्ति ने किया, जबकि मंच संचालन और गीत-संगीत संबंधी व्यवस्थाओं का दायित्व विवेक सिंह ने संभाला। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।








