JHANSI NEWS: झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक रश्मि आर्य, भाजपा झाँसी ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। सांसद अनुराग शर्मा ने भड़रा-धायपुरा मार्ग पर नाबार्ड योजना के अंतर्गत कुडार नदी पर बनने वाले सेतु, पहुँच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्यों का भूमि पूजन किया। करीब 1329.59 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत साबित होगा। पुल निर्माण से धायपुरा, भड़रा, बरुआमुआफ, सितौरा एवं रोरा भटपुरा सहित आसपास के गांवों की एक लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वर्षा ऋतु में मार्ग अवरुद्ध होने की समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग द्वारा 4.91 करोड़ रुपये की लागत से 5.3 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का भी शुभारंभ किया गया। यह सड़क अटान खिरक से धायपुरा होते हुए वरुआमाफ तक बनाई जाएगी। सांसद ने जल संस्थान कार्यालय मऊरानीपुर में भारत सरकार की अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर की पेयजल पुनर्गठन योजना का भी भूमि पूजन किया। योजना के पूर्ण होने के बाद नगरवासियों को बेहतर एवं स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मजबूत सड़क और आधारभूत संरचना से ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।







