मेधावी छात्रों ने जनपद में बनाया स्थान, तनमय पटेल तीसरे, अनमोल चौथे स्थान पर
FATEHPUR NEWS: जनपद में घोषित हुए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणामों में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड फतेहपुर के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे पूरे संस्थान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय के हाईस्कूल के 443 और इंटरमीडिएट के 526 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में सफलता हासिल की, जो संस्था की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है। मेधावी छात्रों की बात करें तो इंटरमीडिएट में तनमय पटेल ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं हाईस्कूल में अनमोल ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान, अंकित ने 95.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान तथा अनुभव मिश्रा ने 95.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में चौथा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी आचार्य एवं आचार्या बहनों की उपस्थिति में छात्रों का सम्मान किया गया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही छात्रों में अभूतपूर्व उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय निरंतर अभ्यास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनके प्रति अटूट विश्वास को दिया। छात्रों ने यह भी बताया कि अभिभावकों के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के कारण वे बिना किसी तनाव के परीक्षा की तैयारी कर सके। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि आगामी सत्र को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों द्वारा विषयवार मूल्यांकन और समीक्षा की जाएगी, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके और भविष्य में भी सफलता का यह क्रम लगातार जारी रहे।







