लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर हुआ स्मृति द्वार का लोकार्पण
JAUNPUR NEWS: लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर उनकी स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार के लोकार्पण समारोह का आयोजन रविवार को विधायक रमेश चंद्र मिश्र के श्री कमलम जनसंपर्क कार्यालय के सामने में भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह में सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोकरण पटेल ने की, जबकि संचालन भाजपा युवा मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री पवन पाल ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विकास पाल रहे। सभी अतिथियों ने स्मृति द्वार का लोकार्पण कर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका चांदनी ने अपनी मधुर एवं सुरीली आवाज में भजन एवं देवी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके सांगीतिक कार्यक्रम ने समारोह में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण का संचार किया। मुख्य अतिथि डॉ. विकास पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासक थीं जिन्होंने जनकल्याण, धर्म, संस्कृति और सुशासन के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया। उनका जीवन समाज सेवा और लोकहित के लिए समर्पित था। अहिल्याबाई की स्मृति में निर्मित यह स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके महान योगदान की याद दिलाता रहेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण और आदर्श शासन व्यवस्था की प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि भाजयुमो काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री पवन पाल ने कहा कि लोकमाता के आदर्श समाज में समरसता, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन चरित्र को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने सभी अतिथियों, आगंतुकों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत, अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, सुशासन और जनसेवा की सशक्त प्रतीक हैं। उनके जीवन से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास पहुंचाने की प्रेरणा मिलती है। मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि अजय सिंह, राजनारायण पटेल, शोभनाथ पटेल (जिलाध्यक्ष, शिक्षक मंच, अपना दल एस), उमाशंकर पाल, अंशू मौर्या जिला मंत्री भाजपा, रागिनी सिंह (जिलाध्यक्ष, महिला मोर्चा भाजपा), भाजपा नेत्री राखी सिंह, रीना विश्वकर्मा, पुष्पा निषाद, बेचन सिंह, मीडिया प्रभारी सूरज पटेल, रामसुमेर पटेल, वंश बहादुर पाल, रामसुंदर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







