कोर्ट रूम से महिला थाना तक पहुंचे विधि छात्र, व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ी कानूनी समानता
JHANSI NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी के तत्वावधान में संचालित ‘समर एकेडमिक इंटर्नशिप प्रोग्राम’ के तहत एलएलबी एवं एलएलएम के छात्र-छात्राओं को कानून और प्रशासनिक व्यवस्था का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत इंटर्न्स को चार अलग-अलग बैचों में विभाजित कर विभिन्न संस्थानों में ऑन-ग्राउंड ट्रेनिंग कराई गई। एक बैच ने महिला थाना झाँसी का भ्रमण कर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, महिला हेल्पलाइन और पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की। दूसरे बैच ने न्यायालयों का लाइव भ्रमण कर न्यायिक कार्यवाही, साक्ष्य संकलन, गवाहों के परीक्षण और अधिवक्ताओं की जिरह को करीब से देखा। तीसरे बैच को मध्यस्थता केंद्र में विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, जबकि चौथे बैच ने चीफ लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल कार्यालय में आयोजित विशेष व्याख्यान में नए आपराधिक कानूनों और न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा।







