PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज के बारा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न गांवों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें अधिकतर मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बारा गणेश कनौजिया, विधायक प्रतिनिधि श्यामू निषाद और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) बारा वेदव्यास मिश्रा सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर शिकायतें सुनीं । कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष को निर्धारित समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा,वरासत, खतौनी में नाम दर्ज कराने और सीमांकन जैसे राजस्व संबंधी मामले प्रमुख थे। इसके अतिरिक्त, सड़क,बिजली, पानी और कानून व्यवस्था से जुड़ी कुछ शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।उप जिलाधिकारी गणेश कनौजिया ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार, आम जनता की समस्याओं का त्वरितऔर पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंनेअधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में मिली शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सहायक पुलिस आयुक्त वेदव्यास मिश्रा ने कानून व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से आपसी विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। विधायक प्रतिनिधि श्यामू निषाद ने भी फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनहित के मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।







