एनएचएआई और पुलिस विभाग की संयुक्त पहल, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
UNNAO NEWS : शासन की प्राथमिकता वाले “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के तहत कोतवाली बीघापुर परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, एनएचएआई के प्रतिनिधियों एवं हाईवे प्रबंधन टीम ने लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया। यह कार्यक्रम एनएचएआई पीआईयू कानपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव तथा उन्नाव-लालगंज हाईवे के प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण सेंथिल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी अरविंद कटारिया, उपनिरीक्षक राजेश सिंह, शिव बहादुर सहित थाना बीघापुर के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करना चाहिए तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए। इस अवसर पर सड़क उपयोगकर्ताओं को सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात संकेतों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा की शपथ लेते हुए स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ एवं सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही सुरक्षित भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल विजय पाल, कांस्टेबल रितिक चौधरी, उन्नाव-लालगंज हाईवे की टीम से पंकज सहित पुलिस विभाग, हाईवे प्रबंधन और स्थानीय लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन के अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और सुरक्षित यातायात को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प दोहराया।
Home उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत बीघापुर कोतवाली में कार्यक्रम आयोजित, सुरक्षित...







