Home उत्तर प्रदेश भाकियू (अराजनैतिक) की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन

भाकियू (अराजनैतिक) की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन

1 से 15 अगस्त तक चलेगा सदस्यता अभियान
FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक मंगलवार को नहर कॉलोनी परिसर में जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, किसानों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन द्वारा 1 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे जनपद में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने कहा कि संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को जोड़कर उनकी समस्याओं को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करने और उन्हें संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित किसानों ने खाद की किल्लत को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। किसानों का कहना था कि सरकारी केंद्रों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें निजी दुकानों से ऊंचे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। किसानों ने खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। किसानों ने सिंचाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कृषि नलकूपों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जिससे धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा जले हुए विद्युत ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदले जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में तहसील स्तर पर किसानों की शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। समय पर समाधान न होने के कारण गांवों में विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। भाकियू (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में प्रदीप सिंह चौहान, छोटे सिंह, सोनू सिंह बहुआ, उमेश सिंह, उत्तम द्विवेदी, मोहम्मद आजम, माता प्रसाद, अजय सिंह चौहान, दिनेश प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार, रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।