JAUNPUR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर निर्माणाधीन जिला कारागार रसैना परिसर में शुक्रवार को श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में प्रशासन ने श्रमिकों के श्रम, समर्पण और योगदान को सम्मानपूर्वक नमन किया। इस दौरान लगभग 50 महिला एवं पुरुष श्रमिकों को जिलाधिकारी ने अंगवस्त्रम एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही श्रमिकों को फल वितरित किए गए, बच्चों में चॉकलेट बांटी गई तथा श्रमिकों के लिए सार्वजनिक भोज की व्यवस्था कराई गई। श्रमिक दिवस के अवसर पर सभी श्रमिकों को कार्य से अवकाश भी प्रदान किया गया, जिससे परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि श्रमिक समाज और विकास की रीढ़ हैं। उनके अथक परिश्रम से ही निर्माण कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक श्रमिक तक पहुंचे, इसके लिए श्रमिकों का पंजीकरण अनिवार्य है। कार्यक्रम में श्रमिक पंजीकरण कैंप और स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव ने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों से पंजीयन कराने की अपील की। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जेल अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, अन्य कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।







