Home उत्तर प्रदेश शॉर्ट सर्किट से दो घरों में भीषण आग, नगदी व सामान सहित...

शॉर्ट सर्किट से दो घरों में भीषण आग, नगदी व सामान सहित लाखों की संपत्ति राख

फायर ब्रिगेड ने काबू पाया, दो मवेशी झुलसे; ग्रामीणों में मचा हड़कंप
FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के चक जहानपुर गांव में शनिवार दोपहर बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें दो घर जलकर खाक हो गए। इस हादसे में नगदी समेत गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया और दो मवेशी झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार शनिवार करीब 12 बजे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकलकर पास के घरों तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सेवालाल तथा छोटेलाल के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बाल्टी, पानी और अन्य संसाधनों के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों घरों का अधिकांश सामान जल चुका था। पीड़ित सेवालाल ने बताया कि घर में रखा नगद व दैनिक उपयोग का सारा सामान आग में जल गया। उनकी पत्नी चांदनी के अनुसार भैंस बेचकर रखे गए करीब 80 हजार रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए। वहीं रोहित की पत्नी कोमल के 20 हजार रुपये नकद भी जल गए। इसके अलावा कपड़े, अनाज, भूसा और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इसी प्रकार छोटेलाल के घर का भी अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में सेवालाल की एक भैंस और एक पड़वा भी झुलस गए, जिनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि वे फिर से अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।