KAUSHAMBI NEWS: यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, केसारी में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य नीरज कुमार ने की। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही इस प्रकार की सफलता संभव हो पाती है। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। ढोल-नगाड़ों के साथ छात्रों का स्वागत किए जाने से खुशी और गर्व का वातावरण और भी बढ़ गया। उपस्थित शिक्षक व स्टाफ ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।







