JAUNPUR NEWS: समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत सुइथाकलां ब्लॉक मुख्यालय से गुरुवार को स्कूल चलो अभियान के तहत मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी ने बीईओ आनंद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली निकाल कर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने स्कूल चलने के लिए जागरूकता का संदेश दिया। रैली ब्लॉक मुख्यालय से निकलकर रुधौली चौराहा, कुसिया बहार, अरसिया मोड़ सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों से होती हुई सराय मोहिउद्दीनपुर पहुंच कर समाप्त हुई। इस दौरान बच्चों और शिक्षकों ने “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ”, “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” तथा “हम बच्चों का नारा है, शिक्षा का अधिकार हमारा है” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों को शत-प्रतिशत बच्चों को स्कूल भेजने का संदेश दिया। कंपोजिट विद्यालय रामनगर, सदरुद्दीनपुर के बच्चों ने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में निकाली गई आकर्षक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी ने कहा कि सभी बच्चों को शिक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा ही देश के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। शिक्षा से ही सशक्त भारत का निर्माण होगा। अभिभावक बच्चों को समय से विद्यालय भेज कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें। बीईओ आनंद प्रकाश सिंह ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। शिक्षक घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करें और प्रत्येक नामांकित बच्चे की विद्यालय में उपस्थित सुनिश्चित करें। शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी शिक्षक छात्र-छात्राओं के भविष्य को उज्जवल करने के लिए अपने कर्तव्य निभाएं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के सहयोग से ही अभियान पूरी तरह सफल होगा। शिक्षक ही राष्ट्र का सच्चा निर्माता होता है। आज के बच्चे ही कल के भविष्य हैं जो राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना हम सभी का साझा दायित्व है। कार्यक्रम का संचालन पारसनाथ यादव ने किया। इस अवसर पर दुष्यंत मिश्रा, डॉ. रणंजय सिंह, उमेश चंद्र यादव, अरविंद यादव, पंकज सिंह, संजय सिंह, त्रिवेणी प्रसाद बिंद, सुधाकर सिंह, रविंद्र भास्कर, सरोज सिंह, डॉ. निशाकांत यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







