एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
KAUSHAMBI NEWS: विकासखंड सिराथू के प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावा में शनिवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक दायित्व एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व शिक्षक दीप नारायण मिश्रा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर में पौधे रोपते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर विद्यार्थी एक पौधे को अपना मित्र मानकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाले समय में धरती अधिक हरी-भरी और प्रदूषणमुक्त बन सकती है। उन्होंने बच्चों को जल संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का महत्व भी विस्तार से समझाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया। शिक्षकों ने बच्चों से कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश भी दिए। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका भावना शुक्ला, सहायक अध्यापक शशांक कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया।







