FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के तहत संचालित सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अलीपुरा एवं दौरिया में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पीआईयू छतरपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप पाटीदार के निर्देश तथा झांसी-खजुराहो हाईवेज के प्रोजेक्ट मैनेजर नबील अहमद एवं सी. नागराज के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गिरिराज शर्मा एवं प्राचार्य दिनेश कुमार जाटव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अलीपुरा में लगभग 500 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। हाईवे के सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मौतें तेज रफ्तार, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने के कारण होती हैं, जो अत्यंत चिंता का विषय है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों तथा गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
Home उत्तर प्रदेश शासकीय विद्यालय अलीपुरा एवं दौरिया में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को...







