FATEHPUR NEWS: सदर कोतवाली क्षेत्र के नौवाबाग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-2) पर सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि 10 दिन पहले दुल्हन बनकर आई पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी श्यामू (32) का विवाह 19 जून को धूमधाम से संपन्न हुआ था। शादी के बाद चौथी की रस्म के लिए आए रिश्तेदारों को वह दहेज में मिली नई बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। रिश्तेदारों को स्टेशन छोड़कर जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी सोमवार दोपहर करीब दो बजे नौवाबाग स्थित एनएच-2 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि श्यामू सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रहे एक भारी वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। बताया जा रहा है कि उसने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसे की तीव्रता के कारण हेलमेट दूर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। शादी की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और नवविवाहिता पत्नी गहरे सदमे में है। कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।







