Home उत्तर प्रदेश व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा और जनहित...

व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा और जनहित के मुद्दे

FATEHPUR NEWS: पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित हुई। इसमें जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान समेत संगठन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने हिस्सा लेकर व्यापारी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने सावन माह को देखते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों पर लगातार लगने वाले जाम का मुद्दा उठाते हुए बढ़ते ई-रिक्शों को यातायात व्यवस्था के अनुरूप नियंत्रित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रायजादा ने जिला चिकित्सालय और बाकरगंज पुलिस चौकी के आसपास सड़क पर लगने वाली ठेलियों के कारण उत्पन्न होने वाले जाम की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने ठेली दुकानदारों को उचित स्थान अथवा फुटपाथ पर व्यवस्थित किए जाने की मांग की। नगर उपाध्यक्ष सूर्यांशु रस्तोगी ने अतिक्रमण के कारण चार पहिया वाहनों और स्कूल बसों के आवागमन में होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति से निजात दिलाने के लिए शीघ्र अतिक्रमण हटाने की मांग की। बैठक में व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अतिक्रमण, यातायात प्रबंधन और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में प्रभावी एवं शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश सचिव अंगद सिंह चंदेल, जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद, जिला उपाध्यक्ष जसवंत गिहार, अनिल अग्निहोत्री, हसवा व्यापार मंडल अध्यक्ष उदयभान सिंह सेंगर, रामलखन सिंह, चंद्रशेखर लोधी, मयंक गुप्ता, राजा सिंह कछवाह समेत जन उद्योग व्यापार मंडल के दर्जनों पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।