टंकी के चेंबर में गोबरयुक्त पानी भरे होने का आरोप, ग्रामीणों ने जल निगम से की शिकायत
FATEHPUR NEWS: असोथर विकास खंड के ग्राम सभा कौड़र में जल निगम की पानी की टंकी से दूषित पेयजल आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पानी की टंकी के चेंबर में गोबरयुक्त गंदा पानी भरा हुआ है, जिसके चलते दूषित पानी पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, दूषित पानी के इस्तेमाल से लोगों के बीमार होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता, जल निगम फतेहपुर को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि पानी की टंकी के चेंबर में गंदा और गोबरयुक्त पानी भरा है। वहीं टंकी के आसपास घरों का कथित रूप से अवैध कब्जा होने के कारण साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और पेयजल स्रोत के दूषित होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने टंकी से आपूर्ति किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच कराने, चेंबर की सफाई कराने और टंकी के आसपास की गंदगी व कथित कब्जों को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दूषित पानी की आपूर्ति पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। शिकायत करने वालों में अवध किशोर, जयप्रकाश, राज प्रताप, अरशद खान, पवन कुमार, पुनीत तिवारी, यशवीर सिंह, आदित्य गुप्ता, आशीष तिवारी, विनय सिंह, ओम प्रकाश, अनुराग गुप्ता, अवध राम, हरि प्रसाद समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायती पत्र डाक के माध्यम से अधिशासी अभियंता को भेजा गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मौके पर जांच कर समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो आगामी समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जाएगी। इस मामले में विकास खंड असोथर के खंड विकास अधिकारी से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।







