Home उत्तर प्रदेश वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाएं, जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की समीक्षा...

वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाएं, जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की समीक्षा बैठक

SIDHARTHNAGAR NEWS: सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी वृक्षारोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता एवं डीएफओ नीला एम. की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि केवल पौधरोपण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बैठक के दौरान वन विभाग द्वारा नर्सरियों में उपलब्ध पौधों की स्थिति, गड्ढा खुदाई, पौध वितरण एवं रोपण स्थलों की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सड़क किनारे, सरकारी कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आह्वान किया कि जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को एक जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं एवं आमजन को सक्रिय रूप से इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया गया। इस अवसर पर उप वनाधिकारी बीना तिवारी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।