SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम कार्य दिवस पर जिलाधिकारी शिवशरणाप्पा जी.एन., मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत चौरसिया और आपदा विशेषज्ञ पुष्पांजलि सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर शिविर की विधिवत शुरुआत की गई। जिलाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सात दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर युवा आपदा मित्र और युवा आपदा सखियों की एक ऐसी सक्रिय टीम तैयार करना है, जो किसी भी दैवीय या मानव जनित आपदा के समय प्रथम प्रति उत्तरकर्ता (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राहत और बचाव का कार्य स्थानीय स्तर के प्रशिक्षित युवा ही सबसे प्रभावी ढंग से कर सकते हैं। इसी क्रम में आपदा विशेषज्ञ पुष्पांजलि सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए नेहरू युवा केंद्र द्वारा चयनित युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस सात दिवसीय शिविर के दौरान मास्टर ट्रेनर गौरीशंकर, रोशन लाल, सुनील कुमार और मनोज यादव द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने, प्राथमिक उपचार और बचाव कार्यों की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के लिए युवाओं की एक ऐसी टोली तैयार करना है जो संकट के समय ढाल बनकर खड़ी हो सके।







