Home उत्तर प्रदेश वीन उद्यान विकास समिति की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर

वीन उद्यान विकास समिति की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर

PRAYAGRAJ NEWS: जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं संयुक्त निदेशक उद्यान की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में नवीन उद्यान विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्क व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई। बैठक में शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क से आवारा कुत्तों को पूर्ण रूप से हटाने हेतु नगर निगम को निर्देश दिए गए। साथ ही पार्क में तैनात होमगार्डों की संख्या पूर्व की भांति 16 किए जाने तथा ड्यूटी सही ढंग से न करने वाले होमगार्डों को हटाने के निर्देश दिए गए। गेट नंबर-06 पर दो अतिरिक्त टिकट वितरकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। पार्क में केवल निर्धारित ईटिंग जोन में ही खाने-पीने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य स्थानों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व में स्थापित ध्यान केंद्र को मीटिंग हॉल के रूप में विकसित करने तथा अगली बैठक वहीं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पुलिस गश्त मजबूत करने के लिए चैकी प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। पार्क के सभी गेटों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा इसके लिए स्टीमेट तैयार कर बजट मांग की कार्रवाई करने पर सहमति बनी। वहीं प्रत्येक गेट पर संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए स्कैनर लगाए जाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। पूर्व न्यायाधीश, उच्च न्यायालय राजेश कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के पूर्व निर्णयों का अवलोकन कर उसी के अनुरूप कार्यवाही की जाए, जिससे न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन न हो। जिलाधिकारी ने झील में लगे वाटर प्यूरीफायर को क्रियाशील करने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने तथा प्रत्येक गेट पर क्यूआर कोड स्कैनर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में कूड़ा एवं प्लास्टिक की बोतल फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने को भी कहा गया। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह, सहायक अभियंता नगर निगम गिरीश कुमार, सहायक कोषाधिकारी संजय मालवीय सहित कई अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला उद्यान विकास समिति के अधीक्षक/सचिव जगदीश प्रसाद ने किया।