VARANASI NEWS: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसएमएस लॉ कॉलेज, वाराणसी में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वस्थ, स्वच्छ और सतत् पृथ्वी के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएमएस लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पृथ्वी के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में डॉ. संगीता सिंह, अंकित राय,अविनाश राय एवं डॉ. हिमांशु गिरी सहित सभी संकाय सदस्यों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत् विकास एवं स्वच्छ पृथ्वी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।







