मृतका के मां की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर व दोनों ननद के विरुद्ध दर्ज किया मुकदमा
BHADOHI NEWS: औराई थाना क्षेत्र के लक्ष्मणरिया गांव की एक विवाहिता ने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार की रात मौत हो गई। मृतका की मां ने ससुरालियों पर बेटी को एसिड पिलाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में
मृत विवाहिता के पति सहित 5 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। औराई के सेवालाल यादव की पुत्री (मृतका) रंजू देवी (40 वर्ष) की शादी वर्ष 2006 में उपरोक्त गांव निवासी लालजी यादव के पुत्र सुनील यादव के साथ हुई थी। सुनील मुंबई में रहकर ऑटो चलाता है, जबकि घर पर रंजू पर ही रहती थी। मृतका की मां चमेला देवी पत्नी सेवालाल यादव का आरोप है कि बेटी की सास राधा देवी और ननद सरिता व साधना रंजू को अक्सर प्रताड़ित करती थीं और मामूली बातों पर मारपीट करती थीं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को सास और ननदों ने मिलकर रंजू के साथ मारपीट की और उसे एसिड पिला दिया। घटना की जानकारी पड़ोसियों से मिलने पर रात में डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन बेटी के ससुरालियों ने पुलिस को बताया कि रंजू बीमार है और इलाज के लिए ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि बाद में पता चला कि रंजू का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां 20 अप्रैल की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना ननद सरिता ने फोन पर दी। जब हमलोग वाराणसी के उक्त हास्पिटल में पहुंचे तो बेटी के ससुर ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करा रही है। इसके बाद भदोही के भोगांव घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। औराई थाना के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मृतका की मां द्वारा तहरीर दी गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मृत विवाहिता के पति सुनील यादव, ससुर लालजी यादव, सास राधा देवी और ननद सरिता व साधना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मृतका को तीन पुत्र हैं।







