Home उत्तर प्रदेश विद्युत चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग ने की सुबह-सुबह छापेमारी

विद्युत चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग ने की सुबह-सुबह छापेमारी

MIRZAPUR NEWS: गर्मी में बढ़ते बिजली लोड और चोरी पर लगाम लगाने के लिए विद्युत वितरण उपखंड जंगीरोड ने गुरुवार की सुबह विशेष मॉर्निंग रेड अभियान चलाया। इस दौरान तेलियागंज, पक्की सराय, डंकीनगंज, पंसारी टोला, पैरिया टोला, हरना की गली, दुर्गा देवी मंदिर और बड़ी माता क्षेत्र के चिन्हित संवेदनशील इलाकों में छापेमारी की गई। चेकिंग अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई स्थानों पर विद्युत चोरी/अनियमित उपभोग के मामले पकड़े गए। संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने एवं जुर्माना निर्धारित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उपखंड अधिकारी दीपक पटेल ने बताया कि गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है जिससे ट्रांसफार्मर और लाइनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। अनधिकृत लोड और चोरी से न सिर्फ राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि आम उपभोक्ताओं की आपूर्ति भी बाधित होती है। इस छापेमारी में अवर अभियंता प्रमोद कुमार समेत पूरी लाइन स्टाफ टीम अभियान में शामिल रही। विद्युत विभाग ने जनता से अपील की है कि स्वीकृत लोड के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें।अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे ताकि निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।