बेसिक शिक्षा की योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
PRAYAGRAJ NEWS: संगम सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा समिति एवं एमडीएम टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में 19 मानकों की संतृप्ति, निपुण भारत मिशन, मध्याह्न भोजन योजना, समेकित शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता, स्कूल चलो अभियान के माध्यम से नए बच्चों के नामांकन तथा कक्षा 5 एवं 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों के उच्च कक्षाओं में प्रवेश एवं प्रेरणा पोर्टल पर फीडिंग की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागों को एक माह के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में स्वीकृत निर्माण कार्यों, अन्य निर्माण परियोजनाओं, विद्यालयों में विद्युत संयोजन तथा विद्यालय परिसरों से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तारों की शिफ्टिंग की भी समीक्षा की गई।बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, डायट प्राचार्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के जनपदीय अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा जिला समन्वयकों ने सहभागिता की।







