KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लुकिया में तैनात शिक्षिका के कथित रूप से धारदार हथियार लेकर विद्यालय पहुंचने का मामला तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिक्षिका के हाथों में चाकू और चापड़ दिखाई देने के बाद विभाग ने मामले की जांच कराई। हालांकि दैनिक प्रातः काल एक्सप्रेस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।वायरल वीडियो में शिक्षिका विद्यालय परिसर में प्रवेश करती और कक्षा में बैठी नजर आ रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया था। लोगों ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर मामले की जांच की मांग की थी।मामले की जांच के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय लुकिया की इंचार्ज प्रधानाध्यापक शिखा सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं विद्यालय के अध्यापक द्वारा थाना सैनी में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए चाकू और चापड़ साथ रखने की बात कही थी। शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। अब पुलिस और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







