Home उत्तर प्रदेश लग्जरी बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

लग्जरी बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

JHANSI NEWS: शिवपुरी राजमार्ग पर थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत पहूज नदी फ्लाईओवर के पास देर रात करीब दो बजे कानपुर से उज्जैन और रतलाम जा रही शताब्दी ट्रेवल्स की लग्जरी बस में अचानक आग लग गई। चालक और क्लीनर की सतर्कता से बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बस और यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार शताब्दी ट्रेवल्स की बस कानपुर से यात्रियों को लेकर उज्जैन और रतलाम जा रही थी। रात करीब दो बजे बस जैसे ही सीपरी बाजार क्षेत्र में पहूज नदी फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी स्पीड ब्रेकर पर जोरदार झटका लगने के बाद बस की लाइटें अचानक बंद हो गईं। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। लाइट बंद होने पर चालक कमलेश कुमार ने बस रोक दी। क्लीनर अनिल भदौरिया ने कारण जानने के लिए बैटरी बॉक्स खोला तो उसमें से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता भांपते हुए चालक और क्लीनर ने शोर मचाकर यात्रियों को जगाया और तत्काल बस से बाहर निकाला। यात्रियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन सामान बस में ही रह गया। चालक और क्लीनर ने आसपास पड़ी मिट्टी और बालू से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, क्षेत्राधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। यात्रियों का सामान भी आग में स्वाहा हो गया। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। बस चालक कमलेश कुमार के अनुसार बस लखनऊ से चलकर देर रात झांसी पहुंची थी, जहां से दो सवारियों को बैठाने के बाद बस शिवपुरी की ओर रवाना हुई। पहूज फ्लाईओवर पर स्पीड ब्रेकर से गुजरते समय तेज झटका लगने के बाद बस की लाइटें बंद हो गईं। जांच में पता चला कि तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी।