Home उत्तर प्रदेश अवैध खनन पर डीएम के कड़े तेवर, ड्रोन से होगी रात-दिन निगरानी

अवैध खनन पर डीएम के कड़े तेवर, ड्रोन से होगी रात-दिन निगरानी

JHANSI NEWS: जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पकड़े जाने पर ऐसी कार्रवाई की जाए जो नज़ीर बने। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार से ज़ूम ऐप के माध्यम से आयोजित जिला एवं तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी बालू, पत्थर, मोरम सहित अन्य खनन पट्टों का शत-प्रतिशत औचक निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खनन क्षेत्र में गेट, पिलर, एमएम-11 पर्ची एवं स्कैनर की उपलब्धता अनिवार्य रूप से जांची जाए। यदि इनमें कोई कमी पाई जाती है तो उसे अवैध खनन मानते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) लागू की गई है, जिसका उद्देश्य कार्रवाई में एकरूपता, गुणवत्ता और दक्षता सुनिश्चित करना है। उन्होंने अवैध खनन क्षेत्रों की सूची तैयार कर ड्रोन कैमरों से निगरानी कराने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि ड्रोन रात में भी संचालित किए जाएंगे ताकि रात के समय होने वाले अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। डीएम ने कहा कि बिना नंबर प्लेट या गंदी नंबर प्लेट वाले वाहनों को अवैध परिवहन की श्रेणी में मानते हुए तत्काल सीज़ किया जाए। साथ ही एमएम-11 दस्तावेज के बिना खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एआरटीओ विभाग को निर्देशित किया कि ब्लैकलिस्टेड वाहनों को सीज़ कर उन्हें स्क्रैप कराने की कार्रवाई भी की जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जनपद के प्रमुख मार्गों पर मानव रहित तकनीक आधारित एम-चेकगेट स्थापित किए गए हैं। इनमें झांसी-कानपुर हाईवे स्थित पूंछ चेकगेट, गुरसराय-कोटरा रोड, बड़ा गांव (सेमरी टोल प्लाजा के निकट) तथा खैलार (बबीना टोल प्लाजा के निकट) प्रमुख हैं। उन्होंने इन चेकगेटों पर अलार्म सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश दिए ताकि ओवरलोडिंग की सूचना तत्काल संबंधित थानों को मिल सके। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार गौड़, एसपी आरए डॉ. अरविंद कुमार, एसपी सिटी प्रीति सिंह, वरिष्ठ खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।