AURAIYA NEWS: रेलवे फ्रंट कॉरिडोर (डीएफसी) रेलवे ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते कंचौसी रेलवे स्टेशन की पूर्वी तरफ की क्रॉसिंग बुधवार को एक दिन लिए बंद किया गया है। क्रासिंग बंद होने से वाहन सवारों को परेशान होना पड़ा। सुबह सात बजे के बाद स्लीपर के साथ पटरियों पर कार्य को शुरू कराया गया। रेल पथ विभाग की टीम ने देर शाम तक मरम्मत का काम किया। इसके कारण कई मालगाड़ियों को धीमी गति से गुजारा गया।कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग से कानपुर देहात जनपद के रसूलाबाद और औरैया की ओर वाहनों का आवागमन ज्यादा होता हैं। बड़े वाहनों का दबाव ज्यादा है। रेल पथ विभाग की ओर से इस क्रॉसिंग की लाइनों को और ज्यादा मजबूती देने का कार्य बुधवार को करवाया गया। क्रॉसिंग बंद होने की जानकारी के बाद वाहन से निकलने वाले लोगों को झींझक, परजनी, बिझाई, दिबियापुर व रानेपुर अंडरपाथ से करीब 10 किलो मीटर का चक्कर लगाना पड़ा। मरम्मत कार्य की वजह से 30 किमी प्रति घंटा के कॉशन का बोर्ड लगाया गया। रेलवे क्रासिंग पर आरपीएफ भी मौजूद रही। स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि डीएफसी रेलवे ट्रैक पर एक दिवसीय दुरुस्तीकरण कार्य के चलते क्रासिंग बंद रही।







