PRATAPGARH NEWS: रास्ते के विवाद में हुई मारपीट को लेकर हल्का सिपाही की तहरीर पर लालगंज पुलिस ने दर्जन भर से अधिक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाली में तैनात आरक्षी राहुल यादव ने दी गयी तहरीर में कहा है कि सत्ताईस मई को वह प्रार्थना पत्रों की जांच के लिए गश्त पर निकला था। इस बीच सूचना मिली कि रास्ते के विवाद को लेकर खालसा सादात गांव में दो पक्षों के बीच गाली गलौज के साथ मारपीट हुई है। जांच में आरोपी एक पक्ष के सैयद जुबैर पुत्र इश्तियाक अली, सुहैल पुत्र इश्तियाक, महमूद पुत्र अब्दुल हसन एवं तीन चार अज्ञात व दूसरे पक्ष के रज्जाक अली पुत्र बचई, आजाद पुत्र बचई, जैबुन निशा पत्नी रज्जाक, आरिफ उर्फ मोहर्रम पुत्र मुंशी रजा तथा तीन चार अज्ञात गाली गलौज के साथ मारपीट कर रहे हैं। आरक्षी के मुताबिक हमले में एक पक्ष के सैयद जुबैर, लड्डन व दूसरे पक्ष के रज्जाक को चोटे आयीं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।





