Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सुधवर प्रकरण में निलंबित शिक्षकों की बहाली और विद्यालयों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग
KAUSHAMBI NEWS: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चायल के प्राथमिक विद्यालय सुधवर  प्रकरण में निलंबित शिक्षकों की ससम्मान बहाली की मांग की। महासंघ के जिला संयोजक ओमदत्त त्रिपाठी  ने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच पूरी किए शिक्षकों को निलंबित किए जाने से पूरे शिक्षक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। जिला संयोजक ने बताया कि 29 जुलाई को प्राथमिक विद्यालय सुधवर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद की गई कार्रवाई जल्दबाजी में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की मृत्यु का कारण बाहरी चोट नहीं, बल्कि न्यूमोनिया बताया गया है। ऐसे में दोष निर्धारित किए बिना शिक्षकों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई उचित नहीं है। महासंघ के पदाधिकारियों  ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर भी आकर्षित कराया कि जनपद के अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में सफाईकर्मी नियमित रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं। कई स्थानों पर उनकी अनुपस्थिति के कारण विद्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित रहती है। ऐसी स्थिति में संपूर्ण जिम्मेदारी केवल शिक्षकों पर डालना न्यायसंगत नहीं है। महासंघ ने मांग की कि निलंबित शिक्षकों की उसी विद्यालय में ससम्मान बहाली की जाए, भविष्य में किसी भी शिक्षक के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और पक्ष रखने का अवसर दिए बिना दंडात्मक कार्रवाई न की जाए और जनपद के सभी विद्यालयों में सफाईकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कर अनुपस्थित कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला संयोजक सहित  जिला सहसंयोजक अवनीश मिश्र, बाल चंद्र व भूपेंद्र कुमार सिंह,ज्ञानेश मिश्र,राजकिशोर शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल रहे। महासंघ ने विश्वास जताया कि जिलाधिकारी के न्यायोचित हस्तक्षेप से शिक्षकों का मनोबल मजबूत होगा और विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण भी सुरक्षित रहेगा।